
आरा शहर में डॉक्टर की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है की एबॉर्शन के दौरान डॉक्टर ने छोटी आंत और बच्चेदानी काट दी थी। उस महिला की इलाज के 14वें दिन मौत हो गई। महिला सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती थी, सोमवार को उसने दम तोड़ दिया।
मृतका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुंधुआं गांव निवासी इंद्रजीत कुमार की 25 वर्षीय पत्नी ज्योति कुमारी है।
परिजनों ने शव के साथ किया रोड जाम
महिला की मौत के बाद लोग आक्रोशित हो गए। डॉक्टर की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल के पास शव को रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक जाम रहा।
सूचना पाकर नवादा थाना में कार्यरत दरोगा मो. शरफुद्दीन और महिला दारोगा खुशबू कुमारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोगों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम सदर अस्पताल में करवाया। मामला नवादा थाना क्षेत्र के महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल का है।
मृतका के पति इंद्रजीत कुमार ने बताया कि पत्नी ज्योति कुमारी गर्भवती थी। 26 अक्टूबर की सुबह जब वह शौच करने के लिए जाने में घर में गिर गई। उसके पेट में तेज दर्द होने लगा था। गांव के ही महेश नामक ग्रामीण चिकित्सक से उसे दिखाया।उसने कहा कि मैं तुम्हें महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल में ले चलता हूं। वहां सब ठीक हो जाएगा। 28 अक्टूबर को महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल ले आया। जहां चिकित्सक ने कहा कि पेट में बच्चा खराब हो गया है।आपकी पत्नी का बच्चा ख़राब हो गया है, सफ़ाई (एबॉर्शन) करना होगा। एबॉर्शन के दौरान उसकी छोटी आंत और बच्चेदानी को काट दी। जिसके कारण महिला की हालत काफी नाजुक हो गई।
डॉक्टर ने उसे धनुपरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कर कहा गया कि इसका पूरा खर्चा मैं दूंगा। इसके बाद डॉक्टर वहां से भाग निकला।परिजन उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया था। लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण परिजन उसका इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ही करा रहे थे। जहां 14 दिन इलाज के बाद सोमवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। मृतिका का पति इंद्रजीत कुमार ने ग्रामीण चिकित्सक महेश व महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल के चिकित्सक सुशील पासवान को गिरफ्तार करने और मुआवजा की मांग की है। इसके अलावा उसने पुलिस पर भी कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि मृतका को सिर्फ एक वर्ष की एक पुत्री सौम्या है।